बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में रविवार को नवीन छात्रावास में विद्यार्थियों की आम बैठक हुई। इसमें छात्रावास की विभिन्न समितियों का गठन कर विद्यार्थियों को हॉस्टल के नियम-कायदे और अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया। इस दौरान छात्रों ने हॉस्टल में वाई-फाई, पेयजल और सफाई की समस्याएं उठाईं।
नवीन छात्रावास में हुई बैठक में सांस्कृतिक, खेलकूद, साफ-सफाई, पानी-विद्युत, अनुशासन और मेस संचालन समितियों को गठन किया गया। अलग-अलग कमेटियों में शामिल छात्रों को हॉस्टल में उनसे संबंधित व्यवस्थाएं देखने और खामियों को दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान यह भी तय हुआ अब हर साल छात्रावास की वर्षगांठ मनाई जाएगी। इस बार का आयोजन जनवरी के दूसरे सप्ताह में होगा, जिसमें खेलकूद, वाद-विवाद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इस दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास में वाई-फाई की दिक्कत, पानी सप्लाई बेतहर करने, साफ-सफाई दुरुस्त कराने और फर्नीचर की समस्या रखी। वार्डेन प्रो. विजय बहादुर यादव और सहायक वार्डेन डॉ. अजय कुमार यादव ने व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने छात्रों को हॉस्टल के नियमों की जानकारी देते हुए अनुशासन में रहने का पाठ पढ़ाया।