बरेली। पहले चरण की काउंसलिंग में रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस और सेल्फ फाइनेंस कॉलेज की सीटें नहीं भर सकी हैं। इन्हें भरने के लिए शनिवार को दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया होगी।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस, एसएस कॉलेज शाहजहांपुर और कृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ, बिजनौर में एलएलएम का पाठ्यक्रम संचालित होता है। पहले चरण की काउंसलिंग में विश्वविद्यालय कैंपस में सामान्य एक, ओबीसी दो, एससी महिला एक, गरीब सवर्ण कोटे की तीन, एसएस कॉलेज में गरीब सवर्ण कोटा की दो समेत 20 सीटें और कृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ में सवर्ण कोटे की दो समेत 20 सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय में शनिवार को काउंसलिंग होगी। इसमें ओपन कैटेगरी के 1-100 रैंक तक छूटे हुए, 101-200 रैंक तक ओपन कैटेगरी और गरीब सवर्ण कोटे के 01-250 रैंक तक के अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह काउंसलिंग सुबह 9.30 बजे से विश्वविद्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के टेबल टेनिस हॉल में होगी।
रविवार से होगी एमएड की काउंसलिंग
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एमएड की काउंसलिंग रविवार 18 अगस्त से शुरू होकर 20 अगस्त तक चलेगी। 18 अगस्त को गरीब सवर्ण कोटा के 1-550, दिव्यांग 1-900, स्वतंत्रता सेनानी 1-400, डिफेंस 1-800, एसटी के सभी और ओपन रैंक के 1-400 रैंक तक के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 19 अगस्त को ओपन रैंक के 401-850 और गरीब सवर्ण कोटे के 551-2300 रैंक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके अलावा अंतिम दिन 20 अगस्त को ओपन रैंक के 801-1250 रैंक तक के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। एमएड की काउंसलिंग भी विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित टेबल टेनिस हॉल में सुबह 9:30 बजे से होगी।