सीबीगंज। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की बैक पेपर की चल रही परीक्षाओं का पेपर आउट हो गया। परीक्षा केंद्र के बाहर चाय की दुकान पर बच्चे पेपर हल कर रहे थे। पेपर हल करने वाले बच्चों को आधे घंटे बाद परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई। मामले का खुलासा सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद हुआ।
सीबीगंज स्थित आईटीआई मेें बैक पेपर की परीक्षा चल रही है। जिसका सेंटर पस्तौर स्थित शांति मौर्य इंटर कॉलेज में है। परीक्षा की दूसरी पाली में कुछ बच्चे ओएमआर सीट के साथ परीक्षा केंद शांति मौर्या इंटर कॉलेज के बाहर पस्तौर रेलवे क्रॉसिंग के पास चाय की दुकान पर इलेक्ट्रिशियन फिटर थ्योरी का बैक पेपर हल कर रहे थे। इन छात्रों को आधा घंटा बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इसके बाद पेपर लीक होने की सूचना पर हडकंप मच गया। पेपर कहां, कैसे लीक हुआ, इसकी जांच की जा रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें पेपर लीक होने की तस्दीक की जा रही है। जबकि शांति मौर्य इंटर कॉलेज की प्रबंधिका शांति मौर्य ने पेपर आउट होने की खबर को निराधार बताया है। आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार शाक्य ने बताया कि सुबह की पाली में उन्होंने खुद परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया है। कहा, अगर ऐसा कुछ हुआ है तो वह इस मामले की जांच कराएंगे।