फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैम.. प्रोफेशनल कोर्स में ट्रेडिशनल ड्रेस कोड ठीक नहीं

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शर्म, संकोच और समाज की टीका टिप्पणी के भय से ख्वाहिशों को दफन कर देने वाली छात्राएं अब मुखर होकर अपने हक की मांग कर रही हैं। बुधवार को बरेली कॉलेज की छात्राओं ने भी अपने हक के लिए आवाज उठाई। उन्होंने वर्षों से चले आ रहे प्रोफेशनल कोर्स बीबीए की ड्रेस कोड (सलवार कुर्ता) को बदलकर उसकी जगह पैंट, शर्ट ड्रेस कोड लागू किए जाने की मांग की। छात्राओं की बेबाकी से उठाई गई मांग पर कॉलेज प्रशासन ने सकारात्मक रुख जताते हुए कमेटी गठित कर मांग पर निर्णय लिए जाने की कवायद शुरू कर दी है।
विज्ञापन

25 जुलाई को बीबीए फर्स्ट ईयर की छात्राओं ने चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा को ज्ञापन सौंपकर ड्रेस कोड को बदलने की मांग की थी। छात्राओं के मुताबिक कई सालों से बरेली कॉलेज में बीबीए की छात्राओं का ड्रेस कोड सलवार, कुर्ता, चुन्नी, दुपट्टा चला आ रहा है। जो प्रोफेशनल कोर्स के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके स्थान पर पैंट, शर्ट ड्रेस कोड लागू होना चाहिए जो उनके पाठ्यक्रम के अनुरूप है। भविष्य में जॉब लगने पर ‘कंपनी कल्चर’ से भी मेल खाने से उन्हें घबराहट नहीं होगी। मांग पर चीफ प्रॉक्टर ने पत्र प्राचार्य को भेज दिया। करीब छह दिन गुजरने के बाद भी मांग पर कोई निर्णय न होने पर बुधवार को 19 छात्राएं चीफ प्रॉक्टर से जवाब मांगने पहुंची। इस पर उन्होंने जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया है।

कंपनी में नहीं चलता सलवार सूट
छात्रा निहारिका का कहना है कि सलवार सूट किसी भी लिहाज से प्रोफेशन कोर्स के लिए नहीं है। जॉब लगने पर उन्हें पैंट, शर्ट ही पहननी पड़ेगी। किताबों से कंपनी के तमाम पहलुओं की जानकारी तो मिल जाएगी लेकिन कंपनी से तालमेल बिठाने के लिए पहनावा उसके अनुकूल हो ये शिक्षा भी कॉलेज को देनी होगी। मुस्कान मोहम्मद ने कहा कि ये पहल सीनियर्स को करनी चाहिए लेकिन वे ‘अनजान भय’ से खामोश हैं। असफिया बेग ने प्रोफेशनल कोर्स का परिधान भी प्रोफेशनल होने की बात कही। दानिया नूरी का कहना है कि बरेली कॉलेज का इतिहास बदलावों से जुड़ा हुआ है। देश को आजाद कराने में इस कॉलेज की महती भूमिका रही है, ऐसे में अब महिलाओं के लिए भी नई पहल कर यह कॉलेज एक और मिसाल कायम करेगा।
विज्ञापन


छह सदस्यीय कमेटी गठित
छात्राओं की मांग पर निर्णय लिए जाने के लिए प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने छह सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इसमें चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. राजीव मेहरोत्रा, सांख्यिकी विभाग की प्रभारी डॉ. शुभ्रा कटारा, समाजशास्त्र की डॉ. नवनीत कौर, राजनीतिशास्त्र की डॉ. मनमीत कौर, बीसीए की रोमा सक्सेना शामिल हैं।

छात्राओं ने प्रोफेशनल कोर्स के हिसाब से ड्रेस कोड की मांग की है। उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने के लिए प्राचार्य ने छह सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। जल्द ही कमेटी इस पर निर्णय लेगी। - डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्रॉक्टर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें