बरेली। बरेली कॉलेज के मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन भटनागर के खिलाफ छात्रनेता की ओर से एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने पर भड़के शिक्षकों ने शनिवार को कॉलेज में ताले डाल दिए और प्रवेश प्रक्रिया के बहिष्कार का एलान कर दिया। प्राचार्य की ओर से भी नोटिस चस्पा कर दिया गया कि अगले आदेश तक काउंसिलिंग प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद कॉलेज में छात्रनेताओं ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। उधर, शिक्षक संघ ने डीएम और एसपी क्राइम से मिलकर डॉ. अनुराग से बदसलूकी करने वाले छात्रनेता पर कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को छात्रनेता मोहित कुमार सिंह ने मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन भटनागर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट कराई थी। शुक्रवार को कॉलेज खुला तो शिक्षक संघ के पदाधिकारी तमाम शिक्षकों के साथ प्राचार्य कक्ष में पहुंचे। कुछ देर आपस में मंत्रणा के बाद लौट गए। प्राचार्य भी अपने कार्यालय में ताला लगवाकर निकल गए। इसके बाद दूसरे कार्यालयों में ताला लगा दिया गया। डॉ. अनुराग पर एफआईआर कराने वाले मोहित कुमार सिंह और अतुल मिश्रा समेत कई छात्रनेताओं ने कॉलेज में तालाबंदी के खिलाफ हंगामा शुरू किया तो बारादरी इंस्पेक्टर राहुल सिंह कॉलेज पहुंचे। उन्होंने फोन पर प्राचार्य से बात की तो प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज अब सोमवार को खुलेगा। इसके बाद इंस्पेक्टर ने छात्रों से जाने को कहा तो छात्रनेता उन्हें ही घेरकर हंगामा करने लगे। कुछ देर बाद प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा पहुंचे तो छात्र उनकी कार के आगे खड़े हो गए। चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा पहुंचीं तो उन्हें भी घेर लिया। पुलिस ने छात्रों को प्राचार्य की कार के आगे से हटाया।