बरेली। एलएलबी में गरीब सवर्णों का आरक्षण लागू न होने के चलते विद्यार्थियों ने शुक्रवार को हंगामा करके काउंसलिंग बंद करा दी। करीब आधे घंटे तक काउंसलिंग बंद रही। इसके बाद चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा समेत अन्य शिक्षकों ने समझाकर बमुश्किल मामला रफा-दफा किया।
शासन के निर्देश पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने तमाम पाठ्यक्रम में गरीब सवर्णों के लिए दस प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिया है। मगर बार काउंसिल ऑफ इंडिया से कोई दिशानिर्देश न मिलने के चलते अब तक एलएलबी में इसे लागू नहीं किया जा सका है। इसके चलते शुक्रवार को बरेली कॉलेज में अतुल मिश्रा समेत तमाम विद्यार्थियों ने हंगामा कर काउंसलिंग बंद करा दी। उनका आरोप था कि कॉलेज और विश्वविद्यालय गरीब सवर्णों को आरक्षण देने के लिए गंभीर नहीं है। सूचना मिलने पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं को समझाकर शांत किया। करीब आधे घंटे बाद काउंसलिंग दोबारा शुरू करा दी गई। शुक्रवार को कुल 114 छात्र-छात्राओं ने काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कराई। बता दें कि इससे पहले एबीवीपी ने एलएलबी की मेरिट लिस्ट में भारांक को लेकर आपत्ति जताते हुए विरोध किया था।