बरेली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम के तहत कई नए कोर्स शुरू किए गए हैं। इसमें योग, जलवायु परिवर्तन, फारसी, जापानी, जर्मन, स्पेनिश, संस्कृति, कोरियाई भाषा एवं संस्कृति, फैशन डिजाइन, आदिवासी अध्ययन, पुस्तकालय, सूचना विज्ञान, डॉ. बीआर अंबेडकर के जीवन एवं विचार में प्रमाणपत्र जैसे पाठ्यक्रम हैं। विभिन्न कोर्स में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।
बरेली अध्ययन केंद्र के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि इग्नू इस समय स्नातक-परास्नातक स्तर पर 241 पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। छात्र अपनी सुविधानुसार किसी भी जिले के इग्नू केंद्र पर प्रवेश ले सकते हैं और इग्नू द्वारा बनाए गए किसी भी केंद्र पर परीक्षा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू का प्रयास है कि हर गांव से कम से कम पांच पुरुष अथवा महिलाएं उच्च शिक्षा से जुड़ें। उन्होंने बताया कि इस बार इग्नू के स्नातक, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में एससी-एसटी के अभ्यर्थियों को मुफ्त प्रवेश दिया जा रहा है। इग्नू केंद्र के समन्वयक डॉ. कमल कुमार सक्सेना ने बताया इस सत्र में बीए, बीएससी, बीकॉम में प्रवेश क्रेडिट सिस्टम पर दिया जा रहा है।