बरेली। पहले चरण में पंजीकरण कराने के बाद एडमिशन लेने से चूके 15 हजार अभ्यर्थियों ने दो दिन में एडमिशन लिया है। बाकी बचे छात्र-छात्राओं के लिए एडमिशन का आज बुधवार को अंतिम मौका है।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पहले चरण में पंजीकरण कराने के बाद एडमिशन से चूके अभ्यर्थियों को एडमिशन के लिए विश्वविद्यालय ने तीन दिन का दूसरा मौका दिया था। सोमवार से इसके एडमिशन शुरू हुए। पहले दिन दस हजार और दूसरे दिन मंगलवार को पांच हजार एडमिशन हुए हैं। अब बुधवार 24 जुलाई को इसके लिए अंतिम दिन है। वहीं, विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दोबारा शुरू हुई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। मंगलवार को पंजीकरण कराने वालों का आंकड़ा 20 हजार तक पहुंच गया है। इनमें से 16 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा कर दी है।