बरेली। कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत शहर पहुंचा ग्रेजुएशन के दस छात्र-छात्राओं का फ्रांसीसी दल भारत की सभ्यता और संस्कृति से रूबरू हो रहा है। बिशप कॉनरॉड स्कूल में ठहरा छात्रों का यह दल जमकर मस्ती कर रहा है। पहली बार भारत के किसी शहर में घूमने में उन्हें भरपूर आनंद आ रहा है।
कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत पहुंचे इस दल में फ्रांस के पेरिस समेत कई शहरों के ग्रेजुएशन के छात्र-छात्राएं हैं। यह स्टूडेंट बिशप कॉनरॉड स्कूल में ही ठहरे हैं और वहां के बच्चों के साथ विभिन्न क्रियाकलाप में हिस्सा ले रहे हैं। बिशप कॉनरॉड के मैनेजर फादर हेरॉल्ड डी कुन्हा ने बताया कि फ्रांसीसी छात्र-छात्राआें ने सोमवार को असेंबली में अपनी प्रार्थना सुनाई। इसके अलावा वे यहां हिंदी बोलना भी सीख रहे हैं। इनमें से कुछ नमस्ते, स्वागत और धन्यवाद बोलना सीख गए हैं। डांस क्लास में शामिल होकर कत्थक और भांगड़ा के स्टेप भी सीख रहे हैं। बिशप के बच्चों में भी उनको लेकर क्रेज है और वे उनके साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाह रहे हैं। शहर की बाजार में जाकर उन्होंने यहां के व्यंजन का लुत्फ उठाया और साड़ियां, कुर्ता-पायजामा भी खरीदे हैं। गर्मी के चलते वे कुछ परेशान जरूर हैं लेकिन नई जगह घूमने में उन्हें आनंद भी आ रहा है। वेे महात्मा गांधी को पसंद करते हैं और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पहचानते हैं। 21 दिन की ट्रिप पर भारत आए वे बच्चे अब काठगोदाम जाएंगे।