बरेली। फीस अध्यादेश को लेकर अधिकारियों का रवैया देखकर अभिभावकों की हिम्मत अब टूट चुकी है। फीस अध्यादेश की बैठक तक नहीं हो पा रही। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी लेकिन कई अफसर व सदस्य के उपस्थित ही न होने से कोरम ही पूरा नहीं हुआ। इस वजह से बैठक स्थगित कर दी गई है। इसमें कई अधिकारियों के ट्रांसफर भी हो चुके हैं।
प्रशासन इस साल भी निजी स्कूलों पर शिकंजा कसने के लिए फीस अध्यादेश लागू नहीं कर सका है। डीआईओएस अचल मिश्र ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीटिंग बुलाई थी लेकिन इसमें कई अधिकारी शामिल होने के लिए आए ही नहीं। अधिकारियों की लापरवाही यह भी उजागर हुई है कि फीस अध्यादेश के लिए गठित समिति मेें शामिल कई सदस्यों के स्थानांतरण हो गए हैं। उनकी जगह पर नए सदस्यों का शामिल करने तक की सुध नहीं ली गई है। डीआईओएस ने डीएम को बताया है कि पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन यसपाल सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा रामकुमार मौर्य, सेंट मारिया गोरिटी इंटर कालेज की प्रिंसिपल सुनीता माओ का स्थानांतरण हो चुका है। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इस समिति का फिर से गठन किया जाएगा। इसके लिए डीआईओएस को निर्देशित कर दिया गया है।