बरेली। एक तरफ भीषण गर्मी तो दूसरी ओर बिजली कटौती ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहाल कर रखा है। बुधवार को मीरगंज ब्लॉक के नगरिया स्थिति उच्च प्राथमिक विद्यालय में अचानक एक छात्र बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में शिक्षक बच्चे को पास के निजी अस्पताल में ले गए तो हीट स्ट्रोक की जानकारी मिली। हालांकि, दवा लेने के कुछ देर बाद बच्चा सामान्य हो गया। जिसकी जानकारी होने पर शिक्षक संघ ने डीएम व बीएसए को ज्ञापन सौंपकर 30 जुलाई तक स्कूल के समय में परिवर्तन करने की मांग की।
उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को बीएसए तनुजा त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। प्रांतीय संगठन मंत्री हरीश बाबू शर्मा व अन्य का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में जनरेटर या इंवर्टर की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अघोषित बिजली कटौती से छात्र बेहाल हो रहे हैं। नगरिया स्कूल के बच्चे के बेहोश होने की जानकारी देते हुए उन्होंने जल्द समय परिवर्तन न किए जाने पर किसी दिन बड़े गंभीर हादसा होने की आशंका जताई। वहीं, स्कूलों के हैंडपंप खराब होने और नगर क्षेत्र में सप्लाई के पानी की समस्या बताई। उन्होंने सुबह 7 से 11.30 बजे स्कूल खोलने की मांग की है। जिस पर बीएसए ने स्कूलों के समय परिवर्तन किए जाने के लिए प्रस्ताव बनाकर डीएम के पास मंजूरी को भेजने का आश्वासन दिया।