पैसा वापस न किए जाने से परेशान ट्रैवेल एजेंसी संचालक अब गृह मंत्रालय से बुकिंग आदि का पैसा वापस कराए जाने की गुहार लगाए जाने की योजना बना रहे हैं। उनके मुताबिक कोरोना के कहर के चलते विदेशों में पर्यटन पूरी तरह ठप हो गया है।सिंगापुर, नेपाल, थाईलैंड, इटली आदि देशों की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित होने के चलते वहां के होटल, रेस्त्रां, पर्यटन स्थल आदि के संचालक आर्थिक तंगी का शिकार हो रहे हैं। इसकी भरपाई वह भारत व अन्य देशों के लोगों की ओर से पूर्व में कराई गई बुकिंग आदि के जरिए कर रहे हैं। लिहाजा, वह पैसा वापस नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब पैसा वापस कराने के लिए वह डीएम के जरिए और ऑनलाइन पीएम, सीएम आईजीआरएस पोर्टल पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री आदि से बजट वापस कराने की गुहार लगाएंगे।
डोमेस्टिक टूर से भी लोग कर रहे परहेज
कोरोना वायरस की दहशत के चलते विदेश जाने वालों के साथ ही देश के भीतर भी हुई बुकिंग लोग कैंसिल करा रहे हैं। गोवा, कश्मीर, राजस्थान, केरल, दार्जिलिंग, अजंता एलोरा, कन्याकुमारी, मैसूर कर्नाटक आदि जगहों पर घूमने के लिए कराई गई बुकिंग अब रद्द कराई जा रही हैं। आशंका जताई कि दिल्ली, पुणे आदि राज्यों में कोरोना के केस सामने के बाद स्थितियां बदल रही हैं।
‘काफी तादाद में बुकिंग रद्द कराई जा रही हैं। कुछ ऐसे लोग जिन्होंने जून, जुलाई के लिए बुकिंग कराई है, वह फिलहाल रुके हुए हैं। फिर भी 80 फीसदी बुकिंग रद्द करनी पड़ी है। लोग बुकिंग का पैसा मांग रहे हैं, लेकिन विदेशों से पैसा लौटाया ही नहीं जा रहा। डोमेस्टिक टूरिज्म की स्थिति भी खराब हो रही है।’
- सुनील, ट्रैवेल एजेंसी संचालक, डेलापीर रोड
‘कोरोना वायरस की दहशत और विदेशों में वीजा रद्द किए जाने की कार्रवाइयों के चलते काफी लोगों ने बुकिंग कैंसिल कराई है। उम्मीद थी कि अबकी साल बिजनेस रहेगा लेकिन अब यह स्थिति बेहद नाजुक हो गई है। बुकिंग कराने वाले हम पर पैसा वापस करने का दवाब बना रहे हैं।’
- पवन रावत, ट्रैवेल एजेंसी संचालक, पटेल चौक