धनेटा शीशगढ़ रोड़ पर सांड की टक्कर से युवक की मौत
मीरगंज। थाना क्षेत्र के धनेटा-शीशगढ़ रोड के पास आपस में लड़ रहे दो साड़ों में से एक ने बृहस्पतिवार रात ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई-रिक्शा के पलटने से युवक की मौत हो गई, जो शीशगढ़ से अपनी ससुराल जाफरपुर जाने के लिए निकला था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बृहस्पतिवार रात 40 वर्षीय गुड्डू निवासी नई बस्ती कस्बा शीशगढ़ ई-रिक्शा में सवार होकर अपनी ससुराल जाफरपुर जा रहे थे। वह जब धनेटा-शीशगढ़ रोड स्थित लोटस एकेडमी से आगे पहुंचे तो सड़क पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। उनमें से एक सांड़ ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई-रिक्शा के पलटने से गुड्डू उसमें दब गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। अधिक खून बहने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक वाहिद को हल्की चोटें आई हैं।
गुड्डू की मौत की खबर उसके घर और ससुराल में पता चली तो मातम पसर गया। मृतक की 13 साल पहले शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी नसरीन, एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर हाल-बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक शीशगढ़ हरेंद्र सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा जा रहा है।
-
आए दिन हो रहे हादसे, सुध नहीं ले रहा विभाग
लोगों ने बताया कि छुट्टा पशुओं के रोड पर घूमने एवं लड़ने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। इनकी वजह से दर्जनों लोगों की जानें जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने आक्रोश जताया है। छुट्टा पशुओं को गोशाला भेजने की मांग की है।