आंवला। आत्मदाह करने से रोकती पुलिस-संवाद
आंवला। आरोपी पर कार्रवाई न होने से खफा ई-रिक्शा चालक ने थाना गेट पर अपने शरीर के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आत्महत्या करने की कोशिश की। आनन-फानन में थाना गेट पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को समझा बुझाकर थाने के अंदर ले आई और शांत करते हुए आश्वासन दिया।
थाने के अंदर पीड़ित फूट-फूट कर रोने लगा और अपनी पीड़ा सुनाई। मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने ले आई। आरोपी की पैरवी करने कई लोग पहुंचे। थाने में घंटों चली बातचीत के बाद पुलिस ने ई-रिक्शा चालक व आरोपी को देर शाम तक बैठाए रखा।
मोहल्ला खेड़ा निवासी हरद्वारी लाल ने बताया कि वे ई-रिक्शा चालक हैं। अपने रिक्शे से सरिया, सीमेंट, रेता, बजरपुट ढोने का काम करते हैं। आरोपी खुद को एक चिटफंड कंपनी का संचालक बताता था। उसकी दो साल पहले आरोपी से मुलाकात हुई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने उनसे अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने की बात कहकर एक महीने में लौटाने का वादा करके एक लाख रुपये ले लिए और बदले में एक चेक दे दिया। काफी समय तक रकम वापस न करने पर जब ई-रिक्शा चालक ने पेमेंट लेने के लिए बैंक में चेक जमा किया तो आरोपी के खाते में पर्याप्त रकम न होने की बात कहकर बैंक ने चेक वापस कर दिया। तब से आरोपी लगातार धमकी दे रहा है।
बेटी की शादी के लिए जमा की थी राशि
पीड़ित ने बताया कि इस मामले में उन्होंने थाना पुलिस से कई दिन पहले शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि उसने उक्त रकम अपनी बेटी की शादी के लिए जमा की थी। आरोपी पर पहले भी धोखाधड़ी सहित अन्य मामले दर्ज हैं। इधर, कोतवाल सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से थाने में बिठाकर बातचीत की गई। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद