पीलीभीत। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में पहल की गई है। अस्पताल में जल्द ही ई-पर्चा (डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन) व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इससे मरीजों को पर्चा, चिकित्सक के परामर्श से लेकर जांच और दवा के लिए लंबी कतारों से राहत मिलेगी। जांच और इलाज के नाम पर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
मौजूदा समय में जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से ही मरीजों की लाइन पर्चा काउंटर पर लग जाती है। कतार की धक्का-मुक्की के बाद मरीजों को चिकित्सक कक्ष के बाहर भी इंतजार करना पड़ता है। घंटों इंतजार से परेशान मरीजों में कई बार झगड़े के आसार भी बन जाते हैं। मरीजों की इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत प्रथम चरण में जिला अस्पताल में ई-पर्चा प्रणाली लागू करने जा रहा है। इससे मरीज घर से ऑनलाइन पर्चा बनवा सकेंगे। तय समय पर आकर चिकित्सक से परामर्श ले सकेंगे। परामर्श के लिए समय भी ऑनलाइन ही तय हो जाएगा। ऑनलाइन पर्चे के माध्यम से जांच व दवाएं भी समय से मिल जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग इस नई व्यवस्था की तैयारी पूरी कर चुका है।
ओआरएस के माध्यम से घर बैठे लगेगा ई-पर्चा
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत ओआरएस (ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम) पोर्टल पर मरीज ऑनलाइन आवेदन करेंगे। इसके बाद मरीज का परामर्श ऑनलाइन माध्यम से जिला अस्पताल के पोर्टल पर दिखेगा। वहीं मरीज का परामर्श पर्चा लगते ही चिकित्सक से मरीज के मिलने का समय भी आ जाएगा। परामर्श के बाद वही पर्चा जांच व दवा के पोर्टल पर चला जाएगा। इसके बाद नंबर के अनुसार कर्मी मरीज को दवा वितरित करेंगे।
आभा आईडी से जुड़ेगा ई-पर्चे पर मिला परामर्श
ई-पर्चे के मरीजों को चिकित्सक से परामर्श के लिए पुराने पर्चों को नहीं ले जाना पड़ेगा। ई-पर्चे के माध्यम से मरीज का आभा आईडी से जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद जहां कहीं भी मरीज का इलाज होगा। चिकित्सक को उसकी समस्याओं की जानकारी मिल जाएगी। संवाद
-
ई-पर्चा प्रणाली को प्रथम चरण में जिला अस्पताल से जोड़ने की योजना है। लंबी कतारों में मरीजों को इंतजार से राहत मिलेगी। - डॉ. आलोक कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी