सेंथल। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल से सेंथल पीएचसी पर एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का लगना बंद हो गया है। केंद्र पर वैक्सीन न लगने से मरीजों को पांच किलोमीटर दूर नवाबगंज सीएचसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कुत्ते या बंदर के काटने पर रेबीज से बचाव के लिए सेंथल पीएचसी पर एआरवी लगाने की व्यवस्था है। कई दिनों से सीएचओ हड़ताल पर हैं, जिसके चलते टीकाकरण का कार्य ठप पड़ा है। स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को कर्मचारियों द्वारा नवाबगंज सीएचसी जाने की सलाह दी जा रही है। कस्बे के मोहल्ला गढ़ी निवासी महबूब ने बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी जुनैरा को कुत्ते ने काट लिया था। पीएचसी पर वैक्सीन लगवाने गए तो हड़ताल का हवाला देकर नवाबगंज जाने के लिए कहा गया। इसके बाद नवाबगंज सीएचसी जाकर बेटी को वैक्सीन लगवाई। अब अगली डोज के लिए 25 अक्तूबर को फिर नवाबगंज ही जाना पड़ेगा।
पीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव रस्तोगी ने बताया कि सीएचओ के हड़ताल पर होने की वजह से फिलहाल पीएचसी पर वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है। मरीजों को सीएचसी नवाबगंज भेजा जा रहा है। संवाद