बरेली। सोने-चांदी के भाव में दो से तीन गुना बढ़त के बाद 10-15 वर्ष पुराने गिरवी गहनों के मामले सराफा व्यापारियों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। आए दिन नोकझोंक की स्थिति है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा और सराफा बाजार की निगरानी की मांग की है।
मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा के मुताबिक, पूर्व में आईपीसी की धारा 411 और अब बीएनएस की धारा 317 में गिरवी मामले में स्पष्ट नियमावली न होने से व्यापारी परेशान हैं। पारदर्शिता के लिए प्रशासन को जिला स्तरीय समिति गठित करनी चाहिए। प्रतिष्ठानों में नकदी, बहुमूल्य धातु के आदान-प्रदान में सुरक्षा के लिए सत्यापित व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस मिलें। खराब सीसी सही कराने, चोरी प्रकरण में पुलिस के सहयोग की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील बंसल, महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, संस्थापक अनिल पाटिल व अन्य व्यापारी मौजूद रहे। ब्यूरो