बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों का पिछले सेमेस्टर का परिणाम स्पष्ट नहीं होने से वे स्नातक-परास्नातक के परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। आवेदन का अंतिम दिन शुक्रवार होने से बृहस्पतिवार को परेशान विद्यार्थी कॉलेज से लेकर विवि तक चक्कर लगाते नजर आए।
विवि की वेबसाइट पर स्नातक व परास्नातक के मुख्य व बैक परीक्षा के आवेदन तीन व आठ अक्तूबर से किए जा रहे हैं। फॉर्म भरने व शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित की गई है। वहीं, 28 अक्तूबर तक फॉर्म कॉलेज में जमा किए जाने हैं। तारीख विस्तारित होने के बाद भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी आवेदन से वंचित रह गए हैं। आवेदन में उनको कई दिक्कतें आ रही हैं। सबसे अधिक समस्या पिछले सेमेस्टर का परिणाम क्लीयर नहीं होने की है। परीक्षाफल आने के बाद सुधार कराने के लिए विद्यार्थी कॉलेज से विवि तक चक्कर लगा रहे हैं। विवि में सुधार के लिए दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। इसको लेकर वे अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, मगर समाधान नहीं मिल पा रहा है। बृहस्पतिवार को भी संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे और समस्या के निस्तारण का इंतजार करते रहे।
विवि की गलती, विद्यार्थी हो रहे परेशान
एक छात्र संगठन से जुड़े रवि पंडित ने कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विद्यार्थी फॉर्म भरने का प्रयास कर रहे हैं। कई बार वेबसाइट ही नहीं खुलती। कई विद्यार्थियों की फीस नहीं कट रही तो किसी का फॉर्म ही नहीं दिख रहा है। इसकी जिम्मेदारी विवि की है, लेकिन आवेदन की अंतिम तिथि निकलने के बाद जब विवि वेबसाइट खोलेगा तो विद्यार्थियों की जेब पर विलंब शुल्क का अतिरिक्त बोझ डाल दिया जाएगा।
ये आ रहीं समस्याएं
-परीक्षाफल में आरडी दिख रहा है।
-शुल्क कटने के बाद आगे का पेज नहीं खुल रहा।
-वेबसाइट पर फीस जमा करने का ऑप्शन नहीं आ रहा।
- रिकॉर्ड नॉट फाउंड लिखकर आ रहा है।
वर्जन...
स्नातक व परास्नातक का परीक्षा फॉर्म भरने में विद्यार्थियों को अगर दिक्कत आ रही है तो वे परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। यहां निश्चित तौर पर उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।- डॉ. अमित सिंह, प्रभारी, मीडिया सेल, रुहेलखंड विश्वविद्यालय