मामले में पति, अपनी बहन समेत सात पर लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया
फरीदपुर। गृह क्लेश के चलते विवाहिता ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बे के मोहल्ला परा में मुकेश की शादी अप्रैल 2018 में भुता थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर करेना निवासी सुखरानी से हुई थी। पिछले एक वर्ष से मुकेश की साली उसके साथ उसी के घर पर रह रही थी। मुकेश के ससुराल वाले भी उसे अपने घर नहीं बुलाना चाहते थे। मुकेश के अनुसार वह व उसकी पत्नी ने कई बार उसे मायके भेजने का प्रयास किया, लेकिन मायके वालों ने उसे घर पर नहीं आने दिया। विवाहिता की छोटी बहन उसके साथ ससुराल में रह रही थी, जिससे आए दिन झगड़ा होता था। झगड़े से परेशान होकर विवाहिता ने रविवार सुबह चार बजे जहर खा लिया। जानकारी होने पर सभी परिजन उसे कस्बे के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। बरेली ले जाते वक्त उसकी रास्ते में मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने सुखरानी के पति व अपनी छोटी बहन समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की है। महिला के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
- रामसेवक, फरीदपुर इंस्पेक्टर