किच्छा के पास गाय को बचाने के चलते हुआ हादसा, दूसरा गंभीर घायल
मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद के एक युवक की सड़क हादसे में किच्छा ऊधम सिंह नगर में मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी गंभीर घायल हो गया, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
25 वर्षीय सोमपाल पुत्र मंगलसेन एवं 26 वर्षीय सत्येन्द्र पुत्र सेवाराम दोनों हल्द्वानी में एक ट्रक चलाते हैं। शनिवार रात दोनों अपनी गाड़ी को लोड करके कहीं जा रहे थे कि किच्छा के पास एक गाय आ गई। उसे बचाने के चक्कर में सोमपाल गाड़ी का नियंत्रण खो बैठे। तेज गति होने के कारण गाड़ी गाय को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकराई, जिससे चालक सोमपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी सतेंद्र गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक और घायल के परिजन रात में ही मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया तो घर में रोना पीटना मच गया।
सोमपाल की तीन वर्ष हुई थी शादी
सोमपाल की तीन साल पहले ही जयवती के साथ शादी हुई थी। अभी तक उसे कोई बच्चा नही है। दो भाई और दो बहनों में सोमपाल छोटा था। शाम को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, सतेंद्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है, उसके दो बच्चे हैं। संवाद
सोमपाल। फाइल फोटो