बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में एक शराब के नशे में युवक का चाचा से झगड़ा हो गया। नशे में युवक ने सड़क पर गालीगलौज करते हुए तमंचा लहराया तो यहां से गुजर रही बरात में दहशत फैल गई। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेजा गया है।
शुक्रवार दोपहर सिरौली के जगन्नाथपुर गांव में अनुसूचित जाति के परिवार में बरात आई थी। इसी दौरान गांव निवासी राघवेंद्र ठाकुर अपने घर में शराब पीकर घुसा और परिजनों से झगड़ा करने लगा। चाचा ने राघवेंद्र को समझाया तो वह सड़क पर तमंचा लहराते हुए चाचा को गाली देने लगा। उसी दौरान यहां से बरात गुजर रही थी।
तमंचा देखकर बराती भागने लगे। कुछ लोगों ने बरात के दौरान तमंचा लहराने का वीडियो बना लिया। यह वायरल हो गया। साथ ही बरात रोकने की अफवाह उड़ा दी गई। इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह ने बताया कि बरात रोकने का कोई मामला नहीं है। दुल्हन के परिवार ने भी ऐसी कोई शिकायत नहीं की है। अमर उजाला ब्यूरो