इज्जतनगर थाने बैरियर नंबर दो चौकी के प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंगलवार रात नौ बजे पीआरवी 3473 के कांस्टेबल कुलवंत ने उन्हें सूचना दी कि धौरेरा माफी निवासी अनिल ने एक शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि अनिल का दोस्त पुष्पेंद्र शाम सात बजे उसकी बाइक लेकर गया था और अब तक वापस नहीं आया है। जब क्षेत्र की पीआरवी टीम ने अनिल से बात करके समस्या निस्तारण के बारे में पूछा तो उसने कहा कि शाम सात बजे तक वह बरेली में था और अब चारबाग स्टेशन पहुंच गया है। इसके बाद अनिल ने पुलिस स्टाफ से ही गाली गलौज शुरू कर दी। पहले उसने इज्जतनगर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिसकर्मी इसे नशे का मामला मानकर चुप बैठ गए।
फिर रात 11 बजे अनिल ने दोबारा यूपी 112 पर कॉल की। इस बार उसे नशा इतना चढ़ गया कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 26 जनवरी पर गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने कॉल की पुष्टि करने के लिए उसकी पहचान पहले वाली कॉल के नंबर से मिलाई तो वह भी अनिल का ही निकला। इज्जतनगर पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
नवाबगंज में भी करता था ऐसी हरकतें
इज्जतनगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि तलाश की भनक लगी तो अनिल ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। हालांकि देर रात पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी में पता लगा कि वह मूल रूप से नवाबगंज क्षेत्र का निवासी है। वहां भी वह ऐसी ही हरकतें करता था तो उसे परिजनों ने भगा दिया। अब यहां किराये पर रहकर वह दिन में मजदूरी करता है और रात में शराब पीकर इधर-उधर कॉल करता है। बुधवार को नशा उतरने पर वह माफी मांगने लगा।