गुलड़िया। सिरौली के पुलिस चौकी क्षेत्र के बड़ागांव में शराब के नशे में धुत युवक ने नशीला पदार्थ खा लिया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को ही उसके छोटे भाई की बरात वापस लौटकर आई थी। घर में सभी तरफ खुशियां थीं, लेकिन उसकी मौत के बाद घर में मातम पसर गया।
बड़ागांव के सोमपाल उर्फ चाबी मैन के तीन बेटे हैं, जिनमें नन्हे, प्रेमानंद और करन सिंह। करन सिंह की रविवार को बरात गई हुई थी। सोमवार को उनकी बरात वापस बड़ागांव लौटी। इसी दौरान 30 वर्षीय नन्हे, जो कि शराब के नशे में धुत था। उसने किसी बात को लेकर कोई नशीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत खराब हो गई। परिवार वाले उसे लेकर बरेली गए ,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नन्हे के परिवार में पत्नी व उसके तीन बच्चे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी सिरौली रामरतन सिंह और चौकी बड़गांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस परिजनों से मृतक का पोस्टमाॅर्टम कराने को कहती रही, लेकिन परिवार वाले पोस्टमाॅर्टम कराने को तैयार नहीं थे। संवाद
नन्हे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने बताया कि वह दो दिन से लगातार शराब पी रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राम रतन सिंह, थाना प्रभारी, सिरौली