शाहजहांपुर हाईवे पर फतेहगंज पूर्वी के पास हादसा, बस में सवार थे 55 श्रमिक
फरीदपुर। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में टिसुआ के पास मजदूरों से भरी बस डिवाइडर से टकरा गई। इससे उसका टैंक फट गया और डीजल रोड पर बहने लगा। हादसा नशे में धुत ड्राइवर को झपकी आने से हुआ।
मजदूरों से भरी यह निजी बस गोपालगंज बिहार से चंड़ीगढ़ जा रही थी। उसमें महिलाओं और बच्चों समेत करीब 55 यात्री ससवार थे। मंगलवार सुबह बस फतेहगंज पूर्वी पार करके टिसुआ के पास पहुंची तो अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बस का टैंक फट गया और डीजल हाईवे पर बहने लगा। यह देख बस में सवार मजदूरों में हड़कंप मच गया। मजदूरों ने ड्राइवर को नशे में देख उससे बस की चाबी छीन ली। इसी बीच पेट्रोल पंप के पास खड़ी यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ड्राइवर को फटकार लगाई। कुछ देर बाद जब नशा उतरा तो ड्राइवर ने टैंक की मरम्मत कराई और फिर बस लेकर आगे रवाना हो गया।