बरेली। पशुओं में परजीवी जनित बीमारियों के इलाज में दवाओं का असर कम होना वैज्ञानिकों के लिए चुनौती बन रहा है। परजीवियों में बढ़ते दवा प्रतिरोध से निपटने के लिए अब आधुनिक तकनीकों के साथ पारंपरिक वैज्ञानिक ज्ञान को जोड़ने की जरूरत है। कम लागत पर ज्यादा संवेदनशील जांच तकनीक, प्रभावी टीकों, इलाज की नए पद्धति के विकल्पों पर अनुसंधान को गति देनी होगी। यह विचार भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) एवं मथुरा वेटरनरी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. केएमएल पाठक ने कही।
मंगलवार को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर में 35वीं राष्ट्रीय पशु चिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस (एनसीवीपी-2026) एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ हुआ। विषय परजीवी जनित रोगों के नियंत्रण, दवा प्रतिरोध, आधुनिक रोग निदान तकनीकों और पशुधन स्वास्थ्य से जुड़े शोध है। मुख्य अतिथि डॉ. पाठक ने कहा कि आणविक जीवविज्ञान, जीनोमिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, कंप्यूटेशनल साइंस और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने अनुसंधान के नए रास्ते खोले हैं। वन हेल्थ की अवधारणा के तहत वन्यजीवों में परजीवी, रोग फैलाने वाले वाहकों और पर्यावरणीय बदलावों के प्रभाव का अध्ययन जरूरी बताया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. राजेश कटोच ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान की सफलता किसानों तक पहुंचने से तय होगी। पशुओं को संवेदनशील जीव के रूप में देखने और कल्याण पर ध्यान देने की जरूरत बताई। इंडियन एसोसिएशन फॉर द एडवांसमेंट ऑफ वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी (आईएएवीपी) के अध्यक्ष डॉ. ए. संगारन ने जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में वृद्धि को परजीवी जनित बीमारियों के प्रसार को प्रभावित करने वाले अहम कारक बताया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, संयुक्त अनुसंधान और वन हेल्थ आधारित रोग नियंत्रण रणनीति अपनाने पर जोर दिया। आईवीआरआई के संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) डॉ. एसके सिंह ने अतिथि, प्रतिभागियों का स्वागत किया। आयोजन सचिव डॉ. हीरा राम ने बताया कि संगोष्ठी में रोग निदान, आणविक एवं जीनोमिक्स अनुसंधान, परजीवी जीवविज्ञान, औषधि प्रतिरोध और एकीकृत परजीवी प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
आईवीआरआई के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. राव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
परजीवी विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आईवीआरआई के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जेम्मी राघवेंद्र राव को प्रतिष्ठित डॉ. स्टीफन के. विकेल आईएएवीपी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। आईएएवीपी फेलो अवार्ड से प्रो. श्रीकुमार चिरुकंदोथ (मद्रास वेटरनरी कॉलेज), प्रो. अनीश यादव (लुवास, हिसार) और डॉ. रेघु रविंद्रन (केरल वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी) सम्मानित किए गए।
इनकों भी मिला पुरस्कार:
डॉ. इदरीस मेहराज अल्लाई : एसएम इस्माइल ओरशन अवार्ड
डॉ. बीसी सरवनन : निशामणि परीजा ओरशन अवार्ड
डॉ. विक्रांत सूडान एवं डॉ. केपी श्यामा : डीपी बनर्जी ओरशन अवार्ड
डॉ. गजानन एम. चिगुरे : कल्याणसुंदरम ओरशन अवार्ड
डॉ. अजित कुमार केजी : एनएस रुप्राह ओरशन अवार्ड
डॉ. अजीत कुमार : 25वां एनसीवीपी-एमवीसी मिड-कैरियर एक्सीलेंस अवार्ड
डॉ. मानसविनी देहुरी : आईएएवीपी महिला वैज्ञानिक पुरस्कार
डॉ. गोपाल पी. भारकड़ : वीर सिंह राठौर एमिनेंट साइंटिस्ट अवार्ड
डॉ. बिंदु लक्ष्मणन : बीपी पांडे बेस्ट टीचर अवार्ड