बरेली। प्रयागराज महाकुंभ के लिए बरेली परिक्षेत्र की 80 और बसों का आवंटन किया गया है। पहले 430 बसों का आवंटन किया गया था। अब यह संख्या बढ़ाकर 510 कर दी गई है। शटल सेवा के लिए आवंटित बसों की रवानगी बुधवार शाम से होने लगेगी। चालकों-परिचालकों को स्मार्ट आईडी जारी कर दी गई है।
प्रयागराज जाने वाले चालकों-परिचालकों और तकनीकी कर्मियाें को मंगलवार को क्षेत्रीय कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया गया। बुधवार को भी सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शाम को बसों की रवानगी होगी। महाकुंभ के लिए आवंटित बसों में 80 बसें शटल सेवा में शामिल की जाएंगी। इसके अलावा फैजाबाद जिले के कम्हरियाघाट, आंबेडकर नगर के पास पदमपुर और संतकबीरनगर समेत आसपास के जिलों से श्रद्धालुओं को महाकुंभ लाने-ले जाने के लिए बसें चलेंगी। डीजल की व्यवस्था महाकुंभ में बनाए गए वर्कशॉप से की गई है। मंगलवार को प्रशिक्षण में आरएम दीपक चौधरी, एसएम धनजी राम, एआरएम बरेली डिपो संजीव श्रीवास्तव, एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेई आदि मौजूद रहे। संवाद