कालीबाड़ी क्षेत्र में खुदाई के कारण लग रहा जाम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। कई महीनों से जाम से जूझ रहे शहर में सहालग शुरू होते ही सड़कों पर हालात और बिगड़ गए हैं। मंगलवार को बरात निकलने के साथ ही इसका अंदाज होने लगा था, बुधवार को देवोत्थान एकादशी के दिन तमाम मांगलिक कार्यक्रम होने से हर तरफ जाम लगना शुरू हो गया। शाम से ही बैंडबाजे-लाइट वालों के काफिले निकलने के साथ ही सड़कों पर जाम लगने लगा और रात को बरात निकलीं तो कई जगह लोगों के वाहन थम गए। रात 12 बजे तक पीलीभीत बाईपास रोड, चौपुला रोड समेत विभिन्न मार्गों पर लोग जाम से जूझते हुए नजर आए।
सहालग शुरू होते ही रुलाने लगा चौपुला का जाम
जिला अस्पताल रोड से कुतुबखाना तक लग रहा जाम
बरेली। सहालग शुरू होते ही जाम ने रुलाना शुरू कर दिया है। चौपुला पर बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति रही। रेलवे कॉलोनी रोड पार करने में लोगों को 20 मिनट से भी अधिक समय लग गया। यही हाल जिला अस्पताल रोड से कुतुबखाना बाजार तक रहा। यहां भी लोग दिनभर जाम से जूझते रहे।
सहालग शुरू हो गए हैं, इससे बरातघरों में भीड़ बढ़ रही है। इससे शाम होते ही शहर जाम से जूझने लगा है। वहीं दिन में शादियों की खरीदारी ने निकलना दूभर कर दिया है। दूसरी ओर शहर में हो रही खुदाई से श्यामगंज से कालीबाड़ी, कालीबाड़ी से पटेल चौक होते हुए चौपुला तक चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद है। इसी तरह चौकी चौराहा से चौपुला तक और रेलवे स्टेशन तक जाम के हालात रहते हैं। बुधवार को सबसे अधिक खराब स्थिति चौपुला पर रही। यहां रेलवे कॉलोनी से होते हुए रास्ता निकाला गया है। यह रास्ता संकरा भी और सिटी स्टेशन की ओर पहुंचने पर यहां सड़क घूमने पर उसकी ऊंचाई अधिक होने से वाहनों को निकलने में मुश्किल होती है। इससे भी इस सड़क पर जाम के हालात बनते हैं। वहीं दूसरी ओर नगर निगम के सामने सीवर लाइन के लिए खुदाई हो रही है। कालीबाड़ी पर भी बुधवार से खुदाई शुरू हो गई है। इससे पुराने बस स्टैंड की रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। वहां दबाव बढ़ने से नावेल्टी चौराहा व जिला अस्पताल रोड पर भी जाम के हालात पैदा हो रहे हैं।