बरेली। जिले के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला योजना की बैठक के दौरान जब नगर आयुक्त को शहर में इस बार जलभराव न होने देने का निर्देश दिया था तो शायद यह नहीं सोचा था कि जब शहर में सभी नाले ही साफ नहीं हुए हैं तो उनके निर्देशों का भला क्या असर होगा। शुक्रवार को मानसून की पहली ही बारिश में जलभराव के लिए जाने जाने वाले संजयनगर जैसे इलाकों के साथ इस बार डीडीपुरम जैसे कई पॉश इलाकों में भी अच्छा-खासा पानी भर गया। श्यामगंज चौराहे पर सड़क के चारों ओर, सिटी स्टेशन के सामने हाईवे और डीडीपुरम जैसे इलाके भी जलमग्न हो गए। सिटी स्टेशन के सामने जलभराव की वजह से हाईवे पर पानी भरा तो वहां जाम लग गया।
शुक्रवार को दोपहर से बारिश शुरू हुई और शाम तक रुक-रुक कर होती रही। कुछ ही देर में शहर में जलभराव शुरू हो गया। रामपुर रोड पर सिटी स्टेशन के सामने नाला उफनाने से हाईवे पर दो फुट से ज्यादा पानी भर गया। इससे यहां वाहनों की रफ्तार थम गई और हाईवे पर जाम लग गया। किला पुल के नीचे भी जलभराव हो गया और वहां से गुजरने के दौरान साइलेंसर में पानी जाने से कई लोगों के वाहन बंद हो गए।
डीडीपुरम में सड़क पर भरा दो फुट पानी
शुक्रवार की बारिश में डीडीपुरम चौराहे के पास मार्केट में चारों ओर भीषण जलभराव हुआ। सड़क पर डेढ़ से दो फुट तक पानी भर गया। इसके अलावा आसपास की गलियां भी जलमग्न हुईं।
श्यामगंज चौराहे पर भी पानी की दीवार
श्यामगंज में चौराहे से सेटेलाइट की ओर जाने वाली सड़क पर, सीओ ऑफिस के सामने, श्यामगंज सब्जी मंडी और श्यामगंज फलमंडी रोड पर भी एक फुट तक जलभराव हुआ।
गली-मोहल्लों में घरों में घुसा पानी
कालीबाड़ी, आजादनगर रोड, आजादनगर, मढ़ीनाथ, संजयनगर, गोपालनगर, मुंशीनगर, हजियापुर, एजाजनगर गौटिया समेत पुराना शहर के तमाम इलाके, मीरा की पैठ, नवादा शेखान, मठ लक्ष्मीपुर, हंसनगर, गांधीपुरम, पटेलनगर, सुभाषनगर पुलिया, मढ़ीनाथ, गणेशनगर, पटेल विहार समेत सुभाषनगर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। शांतिविहार में कुछ घरों में भी पानी भर गया।
50 लाख खर्च, नाले में फिर भी घास
बारिश के साथ ही नगर निगम की नाला सफाई की पोल भी खुलती नजर आ रही है। इस पर 50 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने के बावजूद नालों में खड़ी घास दूर से नजर आ रही है। इसके अलावा जिन नालों में सफाई हो चुकी है, वहां दूर से ही सिल्ट जमी दिख रही है।