मौलाना तौकीर के बुलावे पर जुटी भीड़ ने शहर में किया था बवाल, छह अन्य आरोपियों के भी नाम आए सामने
बरेली। शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल से संबंधित सभी 10 मुकदमों में डॉ. नफीस, नदीम, मुनीर इदरीशी, पार्षद अनीस, हिस्ट्रीशीटर नयाब उर्फ मुन्ना, अफजाल बेग, मौलाना को शरण देने वाले फरहत का नाम बतौर साजिशकर्ता शामिल किया गया है। इनको षड्यंत्र रचने की धारा 61 का भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, शहर को दंगे की आग में झोंकने के लिए मौलाना तौकीर के साथ मिलकर इन सबने साजिश रची थी। मौलाना का नाम पहले ही सभी 10 मुकदमों में साजिशकर्ता के तौर पर शामिल किया जा चुका है।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर के बुलावे पर जुटी भीड़ ने 26 सितंबर को पुलिस टीम पर पथराव व फायरिंग की थी। मौके से पेट्रोल से भरी बोतलें, तमंचे बरामद हुए थे। इस घटनाक्रम में 10 मुकदमे दर्ज हुए थे। कोतवाली में दर्ज पहले मुकदमे में मौलाना तौकीर को साजिशकर्ता बनाया गया है। अन्य नाै मामलों में भी मौलाना का नाम साजिशकर्ता के रूप में शामिल किया गया है।
इनके भी खुले नाम
इस प्रकरण में चक महमूद निवासी फेजल नबी, माेबीन कुरैशी, साजिद सकलैनी, कोतवाली किशोर बाजार निवासी सुभान उर्फ चूरन, डॉ. नफीस का दूसरा बेटा फरहान रजा खां व किला का मोईन खां का नाम सामने आया है। पुलिस ने मुकदमे में इनके नाम खोले हैं। अब इनकी गिरफ्तारी की जाएगी। ब्यूरो
जेल गए आरोपियों का नाम सभी 10 मुकदमों में बतौर साजिशकर्ता शामिल किया गया है। बवाल के कुछ अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। - अनुराग आर्या, एसएसपी