बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से रविवार को आईएमए भवन के ऑडिटोरियम में नीलामी समारोह का आयोजन किया गया। 17 अगस्त से शुरु होने वाले आईएमए वॉलीबॉल लीग सीजन-1 के नीलामी समारोह में डॉक्टर खिलाड़ियों पर सांकेतिक बोली लगाई गई, जिसमें कुल 12 टीमों ने भाग लिया।
इसमें पुरुष वर्ग में आठ, महिला वर्ग में दो और बालक वर्ग की दो टीमें शामिल हैं। पुरुष वर्ग में मनोज चेस्ट गोल्डन, चंद्रलोक चैलेंजर्स, नाविका वॉली विटाल्स, बरेली न्यूरो टाइटंस, एसआर वॉरियर्स, प्रताप ईगल्स, आरके स्मैशर्स और बरेली एमआरआई टाइगर्स जैसी टीमें हैं। महिला वर्ग में डीजी हॉस्पिटल नेट कींस और औराडरमे औरोरस ने भाग लिया, जबकि बालक वर्ग में न्यूरोकिड्स ब्रेन बाउंसर्स और अरशद राइजिंग स्टार की टीमों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नीलामी में सबसे अधिक बोली डॉ. मनीष अग्रवाल और डॉ. अभिषेक सिंह के लिए लगी। दोनों को 5100 रुपये की सर्वाधिक राशि में खरीदा गया।
इस अवसर पर आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. आरके सिंह, सचिव डॉ. रतन पाल सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. शिवम, चेयरमैन स्पोर्ट्स डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. शालिनी माहेश्वरी, डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. कामेंद्र सिंह, डॉ. मोहित गुप्ता आदि उपस्थित रहे। संवाद