इन रूटों पर होगा संचालन
ब्लू और रेड लाइन कॉरिडोर पर मेट्रो दौड़ाने तैयारी है। ब्लू लाइन कॉरिडोर बरेली जंक्शन से शुरू होकर चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, सेटेलाइट, बीसलपुर चौराहा, रूहेलखंड यूनिवर्सिटी और फन सिटी तक होगा। इसकी लंबाई 12.5 किलोमीटर होगी। रेड लाइन कॉरिडोर चौकी चौराहे से शुरू होकर अय्यूब खां चौराहा, कुतुबखाना मार्केट, डीडीपुरम चौराहा, आईवीआरआई, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी और फन सिटी तक तैयार होगा। इसकी लंबाई नौ किलोमीटर होगी। यानी दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.5 किमी होगी। बीडीए की योजना 2031 तक शहर में मेट्रो सेवा शुरू करने की है।
जाम की समस्या होगी दूर
अभी लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और मेरठ में मेट्रो का संचालन हो रहा है। इन शहरों में मेट्रो लाइफ लाइन बनकर सामने आ रही है। बरेली में मेट्रो संचालन के लिए जो रूट तैयार किया गया है, उसमें भी यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखा गया है। जिन स्थानों का चयन किया गया है, वहां ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस की गई है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद इन स्थानों को जाम से मुक्ति मिलेगी। यातायात सुगम होगा और आवागमन में समय की बचत होगी।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि एयरफोर्स के अफसरों से सकारात्मक वार्ता हुई है। उम्मीद है कि इसी माह एनओसी मिल जाएगी। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज दी जाएगी। मेट्रो परियोजना पर जल्दी ही काम शुरू करने की तैयारी है।