बरेली। मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें जीवन बचाएं थीम के साथ रविवार को विश्व रक्तदाता दिवस आयोजित होगा। दूसरों को रक्त से नवजीवन मिल सके, इसके लिए अमर उजाला की ओर से 300 बेड अस्पताल परिसर में सुबह नौ से शाम चार बजे तक रक्तदान शिविर लगेगा।
जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित होने वाले शिविर में पुलिसकर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, अर्द्धसैनिक बल के जवान व अन्य सामाजिक व खेल संगठनों से जुड़े लोगों समेत शहरवासी रक्तदान करने पहुंचेंगे। प्रत्येक महादानी को अमर उजाला की ओर से प्रमाणपत्र मिलेगा। जिला अस्पताल ब्लड बैंक से थैलेसीमिया पीड़ितों, एनीमिक गर्भवतियों, दुर्घटनाग्रस्त लोगों को रक्त मुहैया कराया जाता है।
रक्तदान के फायदे
- रक्तचाप, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी, मलेरिया आदि की निशुल्क जांच।
- बोनमैरो बनने की दर बढ़ती है, खून के थक्के बनने की आशंका से निजात।
- नियमित रक्तदान से पांच फीसदी कम होता है हार्ट अटैक का खतरा।
- कम होती है त्वचा पर झुर्रियां, घटता है वजन, बढ़ती है चेहरे की चमक।
ये लोग कर सकते हैं रक्तदान
- 18 से 60 साल तक की उम्र के स्वस्थ लोग।
- जिनका हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम डेसीलीटर या अधिक हो।
- 45 किलो से अधिक वजन के महिला-पुरुष।
- डायबिटिक लोग जिन्हें इंसुलिन की जरूरत न हो।