बरेली। आवारा कुत्ते ने बच्चे का कान नोचकर खा लिया और नगर निगम व वन विभाग के अफसर खींचतान में उलझे हैं। बच्चा गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। लोगों ने उसे पकड़ने को निगम में हेल्पलाइन पर फोन किया तो जवाब मिला, जिंदा कुत्ता वन विभाग की जिम्मेदारी है। वन विभाग में फोन किया तो होल्ड पर रख दिया गया।
बारादरी क्षेत्र के जगतपुर, बीसलपुर रोड निवासी जावेद (5) पर बुधवार शाम इलाके में घूम रहा एक पागल कुत्ता लिपट गया। कुत्ते ने जावेद को गिरा लिया और उसका सीधा कान ही पूरा काट खाया। लोगों ने जावेद को बचाने की कोशिश की तो वह उन पर भी दौड़ पड़ा। वहीं की एक शिक्षिका सईदा खातून के मुताबिक कुछ दिन पहले कुत्ते ने उनके बेटे नूमान (12) को भी दौड़ा दिया था। जावेद की मां नूर वानो सईदा के घर पर काम करती हैं। बताया कि कुत्ता कई लोगों को काट चुका है, लेकिन कोई विभाग कार्रवाई नहीं करता। शिकायत करने पर दूसरे विभाग का मामला बता कर टाल देते हैं।