बरेली। विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी से जूझ रहे महिला अस्पताल और परेशान हो रहे मरीजों को अब समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। सोमवार को महिला अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती के लिए संयुक्त बैठक होगी। इसमें ओपीडी के सुचारू संचालन के लिए डॉक्टरों की तैनाती को लेकर मंथन होगा।
अटैच डॉक्टरों की तैनाती स्थल पर वापसी के बाद महिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी हो गई है। दो दिनों से अस्पताल के अन्य डॉक्टरों की ड्यूटी ओपीडी में लगाई गई, लेकिन वे गैरहाजिर रहीं। हेल्पडेस्क मैनेजर और इंटर्न ने मरीजों को देखा। महिलाओं और गर्भवतियों की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जिला प्रशासन ने सीएमओ को जल्द अस्पताल में विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि विभाग में विशेषज्ञ महिला चिकित्सकों की तादाद कम है। मौजूद डॉक्टरों में से ही किसी को ओपीडी में तैनात किया जाना है। लिहाजा, महिला और जिला अस्पताल की सीएमएस के साथ सोमवार को बैठक की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात महिला चिकित्सकों में से किसी को यहां अटैच किया जाएगा।
सोमवार को भी खाली रहेगी ओपीडी
महिला अस्पताल में सोमवार को भी इलाज और परामर्श के लिए पहुंचने वाली महिलाओं और गर्भवतियों को परेशान होना पड़ेगा। बैठक के बाद तैनाती या अटैचमेंट का आदेश होने पर अगले दिन ही डॉक्टर अस्पताल पहुंचेंगी। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. पुष्पलता सम्मी के मुताबिक इंटर्न डॉक्टरों और हेल्पडेस्क मैनेजर की ओपीडी में ड्यूटी लगाई गई है। गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक ही देखेंगी।