फरीदपुर। फतेहगंज पूर्वी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को एसडीएम के निरीक्षण में चिकित्सा अधिकारी, लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित मिले। स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर जलभराव व गंदगी मिली। इस तरह केंद्र परिसर व वार्डों में गंदगी थी। वार्डों में प्रसूताओं के बेड पर चादर भी नहीं बिछाई गई थी। इसे देख एसडीएम नाराज हो गई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए 10 दिन में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं, अनुपस्थित डॉक्टर व लैब टेक्नीशियन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।
फरीदपुर एसडीएम मल्लिका नैन ने सोमवार को फतेहगंज पूर्वी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। वहां के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार दिवाकर व लैब टेक्नीशियन शैलेंद्र कुमार अनुपस्थित मिले। वहीं, डॉ इमरान खान ईएल पर थे। अस्पताल में मरीज डॉक्टर को दिखाने के लिए भटक रहे थे। उन्हें सही से स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं मिल रही थीं। लैब टेक्नीशियन के अनुपस्थित होने के कारण लोगों की जांचे भी नहीं हो पा रही थी।
मरीजों के साथ नहीं होता अच्छा व्यवहार
मरीजों ने अस्पताल के डॉक्टरों की एसडीएम से शिकायत की और कहा कि यहां पर डॉक्टर मरीज के साथ सही व्यवहार नहीं करते हैं। साथ ही समय से नहीं आते हैं। उन्होंने परिसर, वार्डों में गंदगी आदि कमी को देखकर नाराजगी जताते हुए कहा कि 10 दिन के अंदर समस्त स्वास्थ्य सेवाएं सही कर लें। नहीं तो उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, अनुपस्थित चिकित्सा अधिकारी व लैब टेक्नीशियन को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। संवाद