पांच दिन से थे बीमार, सोमवार को हुई थी कोरोना जांच, अभी नहीं आई है रिपोर्ट
विज्ञापन
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा, मौत के बाद भाई-भतीजों में भी हुई मारपीट
बरेली। रामपुर बाग में वुडरो स्कूल के पास रहने वाले 60 वर्षीय पैथोलॉजिस्ट डॉ. चंदर मल्होत्रा मंगलवार को अपने कमरे में मृत मिले। उनके भतीजे कपिल मल्होत्रा ने अपने चाचा और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसको लेकर कोतवाली में तहरीर भी दी गई है लेकिन पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात कही है।
कपिल ने बताया उनके चाचा डॉ. चंदर मल्होत्रा की पत्नी करीब 20 साल से अपनी बेटी को लेकर अलग रहती हैं। वह घर में पहली मंजिल पर रहते थे, जिसके एक हिस्से में दूसरे चाचा सतपाल मल्होत्रा भी रहते हैं। कपिल के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दिल्ली में रहने वाली बुआ अनु मल्होत्रा ने उन्हें फोन करके चाचा की मौत की सूचना दी। इसके बाद वह चाचा को देखने छत पर जाने लगे तो दूसरे चाचा सतपाल मल्होत्रा और उनके बेटे ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने बीमारी के चलते चाचा की मौत होने की बात कही। कहा, पांच दिन से उन्हें बुखार आ रहा था और सोमवार को उनकी कोरोना की जांच भी कराई थी, जिसकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है।
कपिल का आरोप है कि चाचा की मौत के बाद दूसरे चाचा सतपाल मल्होत्रा ने मकान में ताला भी डाल दिया है और एक दरवाजा भी तोड़ दिया है। दोपहर करीब दो बजे डॉ. चंदर की मौत की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई तो इंस्पेक्टर पंकज पंत मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया। उन्होंने संपत्ति की खातिर डॉ. चंदर की हत्या करने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि बुधवार को पोस्टमॉर्टम होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।