खातों में आया पैसा वापस जाने की अफवाह से बैंकों में बढ़ी भीड़
विज्ञापन
धूप में खड़े कई बुजुर्गों और महिलाओं की तबीयत बिगड़ी
बरेली। अफवाह है कि जनधन खातों में आई रकम नहीं निकाली गई तो यह पैसा सरकार वापस ले लेगी। इस अफवाह के उड़ने के बाद से बैंकों में एकाएक भीड़ बढ़ गई है। कई शाखाओं में सुबह से लोग तेज धूप में सामाजिक दूरी की परवाह किए बगैर ही लाइन में खड़े रहे। इस वजह से कई बुजुर्गों और महिलाओं की तो तबीयत भी खराब हो गई।
जनधन खातों में पहुंचे 500-500 रुपये निकालने के लिए लॉकडाउन के बावजूद बैंकों के बाहर भीड़ लग रही है। कोरोना के संक्रमण के खतरे के बावजूद ज्यादातर बैंकों में भीड़ उमड़ रही ही और लोग समाजिक दूरी का भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। जिन जगहों पर सुरक्षा घेरे बने भी हैं, वहां भी लोग धक्का मुक्की हो रही है। बताते हैं कि कुछ लोगों ने ये अफवाह फैला दी कि खाते से जल्द पैसा नहीं निकाला गया तो रकम वापस चली जाएगी। इस अफवाह के चलते बैंकों के बाहर लगने वाली भीड़ और बढ़ गई।
बैंक ऑफ बड़ौदा की मढ़ीनाथ शाखा में शुक्रवार को सुबह से खाते से पैसा निकालने के लिए महिलाएं लाइन लगाए खड़ी थीं। अब धूप और ज्यादा तेज हो गई है, इसलिए भूखी-प्यासी खासकर बुजुर्गों पर संक्रमण के खतरे के साथ उनके बीमार होने का खतरा भी बना हुआ है। इसी तरह बैंक ऑफ बड़ौदा सिठौरा शाखा के बिजनेस कॉरस्पांडेंस सेंटर पर भी जनधन खाते से रकम निकालने के लिए काफी भीड़ लगी थी। तमाम बुजुर्ग महिलाएं बच्चों के साथ धूप में लाइन लगाए खड़ी थीं। बाकरगंज में बैंक आफ बड़ौदा में भी जनधन से पैसा निकालने के लिए भीड़ लगी थी। मॉडल टाउन पुलिस चौकी के सामने केनरा बैंक की शाखा के बाहर सुबह से ही लंबी लाइन लग गई। मॉडल टाउन में एसबीआई शाखा के बाहर ग्राहकों के लिए टेंट की व्यवस्था की गई थी।