कलक्ट्रेट में आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करते पुलिस वाले।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
सुबह गार्डों ने फरियादियों को अंदर आने से रोका, पूरे परिसर को कराया गया सैनिटाइज
बरेली। डीएम दफ्तर के एक बाबू के बेट के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मंगलवार सुबह से ही कलक्ट्रेट में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल दिखा। बाबू सोमवार तक ड्यूटी पर आया था। मंगलवार सुबह फायर ब्रिगेड ने कलक्ट्रेट परिसर और कार्यालयों को सैनिटाइज कराया। डीएम ने कलक्ट्रेट गेट के गार्डों को केवल बेहद जरूरी काम वालों को ही अंदर आने देने को कहा। हालांकि कुछ वकीलों के हंगामा करने के बाद गेट खोल दिया गया, लेकिन कोरोना के खौफ की वजह से ज्यादातर कर्मचारी गायब रहे।
कलक्ट्रेट के एक बाबू का बेटा कई दिन पहले बाहर से आया था। बाबू भी लगातार ड्यूटी पर आ रहा है। बताते हैं कि बाबू सोमवार को भी ड्यूटी पर आया था। साथी कर्मचारियों के भी वह संपर्क में रहा। मंगलवार को जैसे ही उनके बेटे के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई, कलक्ट्रेट स्टाफ में हड़कंप मच गया। डीएम नितीश कुमार ने कलक्ट्रेट के गार्डों को मेन गेट बंद करने के निर्देश दे दिए। सुबह ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी से डीएम दफ्तर से साथ ही पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया गया। मेन गेट के बंद रहने पर कुछ वकीलों ने हंगामा किया तो एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने गेट खुलवा दिया। हालांकि कलक्ट्रेट के अंदर लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग करने और उनके हाथ सैनिटाइज कराने के बाद ही जाने दिया गया। उधर, कोरोना के खतरे को लेकर कर्मचारी डरे-सहमे दिखे। ज्यादातर कर्मचारी कुर्सियों पर बैठने के बजाय इधर-उधर खड़े होकर किसी तरह वक्त काटते दिखाई दिए।
बाबू का संक्रमित बेटा भी कलक्ट्रेट आया था!
मंगलवार को यह भी चर्चा रही कि बाबू का संक्रमित पाया गया बेटा भी कुछ दिन पहले कलक्ट्रेट आया था और उसने कई लोगों से मुुलाकात की थी। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। इस चर्चा से कलक्ट्रेट और ज्यादा सहमा हुआ है।
कलक्ट्रेट में अब बेहद जरूरी काम ही होंगे
कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच डीएम ने यह आदेश दिए हैं कि कलक्ट्रेट में अब केवल बेहद जरूरी काम ही होंगे। उन्होंने फरियादियों से अति आवश्यक होने पर ही आने को कहा है।
कलक्ट्रेट नहीं, लालफाटक बनेगा हॉटस्पॉट
डीएम ने बताया कि प्रोटोकॉल के तहत कलक्ट्रेट को हॉटस्पॉट नहीं बनाया जा सकता लेकिन बाबू के लालफाटक स्थिति आवास के आसपास के ढाई सौ मीटर एरिया को हॉटस्पॉट बनाया जाएगा।
कलक्ट्रेट परिसर को सैनिटाइज करा दिया गया है। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए अब यहां बहुत जरूरी काम ही होंगे। - नितीश कुमार, डीएम