बरेली। बारावफात के जुलूसों में डीजे प्रतिबंधित रहेगा। ये निर्देश सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पुलिस अफसरों को दिए। कहा कि इस संबंध में सभी डीजे संचालकों से पहले से ही बात कर उन्हें जानकारी दे दें।
जिलाधिकारी ने ईद-ए-मिलादुन्नबी/बारावफात के अवसर पर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित लोगों और अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक की।
जिलाधिकारी से हाजी जावेद खान ने कहा कि दरगाह आला हजरत से अपील की गई है कि बारावफात के जुलूस में डीजे का प्रयोग वर्जित है। मात्र सुराही का प्रयोग किया जाए। इस पर प्रशासन ने उनके कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि डीजे का प्रयोग नहीं होगा।
डीएम ने कहा कि सभी आयोजन शांति और सौहार्द के माहौल में सम्पन्न कराएं। बिना अनुमति के कोई आयोजन न हो। बैठक में लोगों ने अन्य आवश्यक अनुरोध भी किए। डीएम ने इनका समाधान करने के निर्देश संबंधित को दिए। ब्यूरो