क्योलड़िया। क्योलड़िया थाने में तैनात एक दीवान ने शराब के नशे में शराब की दुकान के बाहर जमकर हंगामा किया। ज्यादा नशा होने की वजह से बाद में वह दुकान के सामने ही गिर गया। सूचना पर थाने से पहुंचे स्टाफ ने मेडिकल कराया। रिपोर्ट में अल्कोहल की पुष्टि हुई है।
क्योलड़िया थाने में चेतन्य दीवान हैं। वह थाना परिसर में ही बने सरकारी आवास में परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह शराब पीने के लिए क्योलड़िया की ही एक शराब दुकान में गए थे। नशे में उन्होंने हंगामा किया। इसके बाद वहीं गिर गए। शराब के नशे में पुलिसकर्मी को हंगामा करते देख वहां भीड़ जुट गई। थाने में इसकी जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने स्टाफ मौके पर भेजा। पुलिसकर्मी पहले चेतन्य को लेकर थाने पहुंचे। वहां से मेडिकल के लिए नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. फारुख ने बताया कि जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई है। वहीं, थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
मामला मेरे संज्ञान में नही है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी। दोषी पाये जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी। - चमन सिंह चावड़ा, सीओ