बरेली। प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के निरीक्षण को लेकर जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई थीं। जैसे ही उनके निरीक्षण न करने की जानकारी हुई सब पुराने ढर्रे पर लौट आए और जिला अस्पताल को फिर अव्यवस्थाओं ने घेर लिया। शुक्रवार को अमर उजाला की टीम ने जिला अस्पताल का जायजा लिया तो वहां के हालात फिर पहले जैसे ही नजर आए।
बैरियर का गड्ढा खुदा छोड़ा
मंत्री के आगमन से पूर्व सीएमएस ऑफिस के पास बैरियर लगाने का काम शुरू हुआ था। मंत्री के जाने के बाद काम बंद करके इसका गड्ढा खुदा छोड़ दिया गया है, जिसके चलते कभी भी हादसा हो सकता है।
जगह-जगह पानी
जिला अस्पताल ने पानी की निकासी के लिए हाल ही में दो पंपसेट खरीदे थे। इसके बावजूद जिला अस्पताल में शुक्रवार को बच्चा वार्ड, ओपीडी और पुलिस चौकी के पास पानी भरा हुआ था।
दौड़ लगा रहे कुत्ते
पूरे परिसर में कुत्ताें ने अड्डा जमा रखा है। एक दिन पहले मंत्री के आगमन को लेकर परिसर से कुत्ते खदेड़ दिए गए थे लेकिन शुक्रवार को जिला अस्पताल में जगह-जगह कुत्ते घूमते नजर आए।
मेडिकल वेस्ट भी बिखरा
इमरजेंसी से पीछे की ओर मेडिकल वेस्ट इकट्ठा करने का कमरा बना हुआ है। इसके बावजूद मेडिकल वेस्ट कमरे के आसपास के पूरे इलाके में बिखरा हुआ था। किसी ने भी इसे हटवाना जरूरी नहीं समझा।