बरेली। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के निरीक्षण के मद्देनजर जिला अस्पताल में बुधवार देर शाम से तैयारियां शुरू हो गईं। रात तक परिसर में साफ-सफाई के साथ सीवर लीकेज दुरुस्त करने के साथ सड़कों के गड्डों को भी भर दिया गया। वार्डों को चमकाया गया। देर रात सीडीओ सतेंद्र कुमार, एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने भी यहां पहुंच कर जायजा लिया।
जिले के प्रभारी मंत्री रविकांत शर्मा बुधवार को बरेली पहुंच गए। बृहस्पतिवार को वह जिला अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अपनी कमियों को मंत्री के सामने उजागर होने से बचने के लिए जुटा रहा। दिन में ओपीडी की भीड़-भाड़ के चलते ज्यादा काम नहीं निपटाए जा सके तो व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए रात में काम किया गया। अस्पताल परिसर में महीनों से हो रहा सीवर का लीकेज भी मंत्री के खौफ से बुधवार को बंद करा दिया गया। ओपीडी के सामने सड़क के गड्डे भरने के साथ इमरजेंसी वार्ड में भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गईं। महिला अस्पताल और सीएमओ ऑफिस में भी साफ-सफाई के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सीएमओ ऑफिस में रात में ही चूना डालने का काम भी निपटा दिया गया। प्रभारी मंत्री का बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जिला अस्पताल पहुंचने का कार्यक्रम है।