बरेली। सपा के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (एससीएसटी) प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामवीर दिवाकर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का नाम लेकर उन्हें अपशब्द कहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को सपा व उसके फ्रंटल संगठनों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कथित बयान को लेकर शहर में प्रदर्शन किया था। इस दौरान मीडिया की मौजूदगी में सपा नेताओं ने अमित शाह व भाजपा के खिलाफ जमकर आग उगली थी। चौपुला के पास प्रदर्शन के दौरान एससीएसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामवीर दिवाकर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का नाम लेकर कैमरों के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग कर डाला। उस वक्त रामवीर का अंदाज देखकर उनकी पार्टी के नेता भी हैरत में पड़ गए थे।
रामवीर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो रविवार शाम भाजपा नेता जयदीप चौधरी के नेतृत्व में कई कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर इंस्पेक्टर अमित पांडेय को तहरीर दी। कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री को इस तरह के अपशब्द बोलने से आम जनता व पार्टी से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर रामवीर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अमर उजाला ब्यूरो