बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला फुटबॉल लीग का शानदार आगाज हुआ। लीग के उद्घाटन मुकाबले में मेडिको एफसी (रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज) और अननोन एफसी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जो अंततः 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोटरी क्लब न्यू बरेली के अमित ग्रोवर ने किक लगाकर किया। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बक्शी ने सभी उपस्थित गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के चौथे मिनट में मेडिको एफसी के आदित्य प्रताप और यश सिंह के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला, जिसके बाद रवि ने एक सनसनाता हुआ शॉट लगाकर गोल दाग दिया। अननोन एफसी के गोलकीपर विशेष यादव इस शॉट को रोकने में नाकाम रहे और मेडिको एफसी ने 1-0 की बढ़त बना ली, जो हाफ टाइम तक कायम रही।
हाफ टाइम के बाद अननोन एफसी ने वापसी के लिए कई अच्छे मूव बनाए। खेल के 42वें मिनट में अननोन एफसी के अमन ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं और मैच ड्रॉ समाप्त हुआ, जिससे दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा। इस दौरान रेफरी आशू भारती, सहायक रेफरी चंद्र कुमार यादव, पुनीत कुमार, अरविंद वर्मा, नसीम अख्तर आदि मौजूद रहे।