बदायूं/अलापुर। उनौला गांव में एक व्यक्ति सरकारी तो दूसरा प्राइवेट लैब की जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव को सील करा दिया है। हालांकि अभी बैरियर लगाकर मार्ग बंद नहीं किए गए। ये कार्य शुक्रवार सुबह शुरू किया जाएगा। तब तक के लिए गांव वालों से कहा गया है कि वे अभी घर से बाहर न निकलें और एक-दूसरे के संपर्क में नहीं आएं।
प्राइवेट लैब की जांच रिपोर्ट जो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया, उसके परिवार वाले करीब 12 दिन पहले ही मुंबई से लौटे थे। उस समय उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई थी और उन्हें होम क्वांरटीन में रहने की सलाह दी गई थी। इसी दौरान परिवार के मुखिया 50 वर्षीय व्यक्ति की हालत बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उसका बरेली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करा रहे थे। उसे कुछ दिन पहले भर्ती कराया गया था। एक जून को हालत में कुछ सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज कराया गया। परिवार वाले बुधवार को डॉक्टर को उसे दिखाने दोबारा लेकर पहुंचे। तब हॉस्पिटल द्वारा उसका कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया, लेकिन जब तक इसकी जांच रिपोर्ट आती, तब तक उसकी मौत हो गई। जिला प्रशासन के तब होश और उड़ गए, जब गुरुवार देर शाम उसकी रिपोर्ट आई और पता चला कि उसकी मौत तो सुबह हो चुकी है। परिवार वाले उसका अंतिम संस्कार कर चुके हैं। इसकी सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य, इंस्पेक्टर अलापुर कृष्ण गोपाल शर्मा ने गांव को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के परिवार में आठ सदस्य बताए जा रहे हैं। ये वही लोग हैं, जो 12 दिन पहले मुंबई से लौटे थे। इससे उन्हें जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में क्वांरटीन करा दिया गया है। उनकी जांच के लिए सैंपल लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
सतेती गांव में तरबूज तोड़ते मिला कोरोना पॉजिटिव
बदायूं। गुरुवार देर शाम आई जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकला उनौला निवासी युवक अपने घर पर नहीं मिला। जब उसके बारे में छानबीन की गई तो पता चला कि वह अपनी बहन के घर कछला के नजदीक हुसैनपुर खेड़ा गया हुआ है। वहां से भी वह सतेती गांव पहुंच गया था और गुरुवार शाम एक खेत में पालेज से तरबूज तोड़ता हुआ मिला। जहां से उसे उझानी कोविड-19 हॉस्पिटल उझानी लाया गया। बताते हैं कि ये कोरोना पॉजिटिव 12 दिन पहले दिल्ली से लौटा था। मंगलवार को जिला अस्पताल आया और उसने कोरोना की जांच कराने की मांग की थी। जिस पर उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था।
निगेटिव निकले 115 सैंपल, 98 जांच को भेजे
गुरुवार को 116 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई, जिसमें एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला, जबकि 115 सैंपल निगेटिव निकले हैं। वहीं जिले से गुरुवार को कुल 98 सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। इनके समेत अब तक 233 सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग बताई जा रही है।
उझानी में भर्ती 14 में से 11 निगेटिव, दो फिर भी निकले पॉजिटिव
उझानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कोविड-19 अस्पताल में पिछले महीना भर्ती कराए गए कोरोना पॉजिटिव 14 मरीजों की बृहस्पतिवार को दूूसरी रिपोर्ट आ गई। इनमें बरेली जिले के निवासियों समेत 11 लोग निगेटिव निकले हैं, जबकि तीन को फिर से पॉजिटिव पाया गया। इनका सैंपल तीन दिन पहले जांच को भेजा गया था। चिकित्साधिकारी डॉ. सुयश दीक्षित ने बताया कि बरेली निवासी लोगों के लिए शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। बता दें कि पिछले दिनों निगेटिव आने पर बदायूं जिले की महिला समेत 16 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।