अमर उजाला फाउंडेशन और समाजसेवियों के सहयोग से वितरित किया गया राशन
बरेली। अमर उजाला फाउंडेशन ने समाजसेवियों के सहयोग से मंगलवार को प्रगति नगर स्थित मंदिर के पास राहत कैंप लगाया। यहां दो सौ जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लोगों ने इस प्रयास को काफी सराहा और आगे भी इसे जारी रखने का अनुरोध किया।
फाउंडेशन और समाजसेवियों की ओर से मंगलवार को प्रगति नगर स्थित दुर्गा मंदिर वाली गली के रहने वालों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लोगों का कहना था कि लॉक डाउन होने से व्यवसाय और काम धंधे ठप हो गए हैं। परेशानी के इन हालात में मदद से काफी राहत मिली है। कैंप में दवा कारोबारी किशोर कुमार, सचिन गुप्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।
लॉक डाउन होने से आमदनी कम है मगर खर्चे वहीं के वहीं हैं। जरूरत की सामग्री मिलने से काफी राहत मिली है। - संध्या देवी
काम बंद होने से बचे खुचे रुपये भी खर्च हो रहे हैं। सख्ती के चलते बाहर भी नहीं जा पा रहे। ऐसे में मदद देना सराहनीय है। - महेश कुमार
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते घर से बाहर नहीं निकल पा रहे। इसलिए तमाम जरूरी सामान की खरीदारी भी नहीं हो पा रही है।- मुन्नो देवी
जरूरतमंदों को मदद देने की ये पहल सराहनीय है। जरूरत के समय थोड़ी सी भी मदद काफी राहत पहुंचाती है। यह आगे भी जारी रहे। - अमर देवी