बरेली। जनगणना-2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण व भवनों की गणना कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर नगर निगम बरेली की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। जनगणना निदेशालय से जारी 17 नगर निगमों की हाउस लिस्टिंग ब्लॉक रिपोर्ट में बरेली नगर निगम की जनसंख्या कवरेज सबसे कम दर्ज की गई है। इस पर निदेशालय ने असंतोष व्यक्त किया है। रिपोर्ट मांगी गई है।
नगर निगम बरेली की अनुमानित जनसंख्या 17 लाख 12 हजार 200 है। जनगणना सर्वेक्षण में अब तक केवल सात लाख 15 हजार 699 लोगों को कवर किया जा सका है। यह कुल अनुमानित आबादी का मात्र 41.80 फीसदी है, जो प्रदेश के अन्य नगर निगमों की तुलना में सबसे कम है।
अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी ने जारी पत्र में कहा कि बार-बार पत्राचार, मौखिक निर्देशों व समीक्षा बैठकों के बावजूद संबंधित अधिकारियों की तरफ से जनगणना कार्य में पर्याप्त रुचि नहीं ली जा रही है। इसके कारण सर्वेक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होने में विलंब की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
वर्जन :
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जोन में कार्यरत सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों के कार्यों की क्षेत्रवार समीक्षा करें तथा कम जनसंख्या कवरेज के कारणों की मौके पर जाकर जांच करें। साथ ही स्वयं दो फीसदी व सुपरवाइजर स्तर पर 10 फीसदी एचएलबी का सत्यापन कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। - शशिभूषण राय, नगर जनगणना अधिकारी, अपर नगर आयुक्त