बरेली के बिथरी चैनपुर इलाके में मजदूरी के 4500 रुपये को लेकर हुए विवाद में राधा नाम की महिला की मौत हो गई। आरोप है कि महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया, फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना शनिवार रात खजुरिया ब्रह्मनान गांव में हुई है।
राधा के पति विमल ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बिथरी चैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विमल ने बताया कि उसका भाई संजीव गांव फरीदापुर इनायत खां निवासी अर्जुन के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। ट्रैक्टर उसके घर के पास ही खड़ा होता था। अर्जुन पर आरोपी के 4500 रुपये बकाया थे।
बीच-बचाव करने गई थी राधा
शनिवार रात दोनों आरोपी भाई विमल के घर पहुंचे और बकाया रकम मांगने लगे। इस दौरान कहासुनी हुई। आरोप है कि दोनों भाई लाठी और धारदार हथियार लेकर लौटे और हमला कर दिया। राधा ने बीच-बचाव का प्रयास किया। धारदार हथियार से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपियों ने उसे ट्रैक्टर से कुचल दिया।
इसके बाद आरोपी भाग गए। परिजन घायल राधा को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, महिला के मायके वालों ने अब पति विमल पर ही हत्या का आरोप लगाया है। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।