लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें छोटे-छोटे मुकदमों के निस्तारण से लोगों को बड़ी राहत मिली। किसी के वाहन का चालान का मामला निपटा तो किसी को बैंक के कर्ज से छुटकारा मिला।
इस दौरान 2.79 लाख मुकदमों का निस्तारण किया गया। इससे अदालतों का भी बोझ कम हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्य प्रकाश आर्य ने बताया कि जनपद न्यायालय में 6,862 मुकदमे निस्तारित हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने 43,448 मुकदमे निपटाए। परिवहन विभाग की ओर से 1,206 मामले तय किए गए।
मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण की ओर से 251 वादों का निस्तारण कर 11.51 करोड़ रुपये बतौर समझौता राशि दिलाई गई। कॉमर्शियल कोर्ट की ओर से 17 वादों का निस्तारण कर 11.66 लाख रुपये की समझौता राशि दिलाई गई। स्थायी लोक अदालत ने चार मुकदमों का निस्तारण कर 11 लाख रुपये की समझौता राशि दिलाई।
सत्र न्यायालय में 388, सिविल के 2,127, पारिवारिक मामलों के 103 व फौजदारी के 4,347 वादों का निस्तारण किया गया। 9,797 ई-चालानों का निस्तारण किया गया। अन्य विभागों ने 2,26,486 वादों का निपटारा किया। बैंकों के ऋण संबंधी 981 वादों का निपटारा कर करीब आठ करोड़ रुपये वसूल किए गए।
इससे पहले सुबह लोक अदालत का शुभारंभ जिला जज विनोद कुमार ने किया। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नोडल अधिकारी अरविंद कुमार यादव, लीड बैंक मैनेजर वीके अरोड़ा आदि मौजूद रहे।