नवाबगंज/आंवला। भैया दूज त्योहार के दूसरे दिन अव्यवस्थाओं के कारण बृहस्पतिवार को नवाबगंज के बिजौरिया समेत कुछ चौराहों पर वाहनों और राहगीरों की भारी भीड़ के कारण जाम लग गया। यही हालत आंवला में भी रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
लोगों ने बताया कि त्योहार के दूसरे दिन नवाबगंज के बिजौरिया चौराहे और मुख्यमार्ग पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। दोपहिया, चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा की अधिक संख्या से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। देखते ही देखते चौराहे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आंवला में भी जाम से निपटने के लिए व्यवस्था नाममात्र के ही दिखे। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान चौराहे पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। कुछ जगहों पर पुलिस कर्मी दिखाई दिए। पर्याप्त यातायात व्यवस्था न होने से लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ी।
ये रहे जाम के कारण : भैया दूज के त्योहार पर वापसी की भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण, ट्रैफिक डायवर्जन व नियंत्रण की व्यवस्था नाकाफी।
आंवला में इन जगहों पर रही जाम की स्थिति : भैया दूज के अगले दिन आंवला कस्वे के मोहल्ला भुर्जीटोला, पक्का कटरा, बारहबुर्जी मस्जिद से तहसील रोड, गंज त्रिपोलिया, ढाल व घंटाघर चौक सहित कई स्थानों में सडकों में ई-रिक्शा व दो पहिया वाहनों से जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर में भुर्जीटोला से पक्का कटरा सराफा बाजार तक करीब एक घंटा जाम की स्थिति बनने पर व्यापारियों नीटू खंडेलवाल, प्रदीप खंडेलवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम को खुलवाया। सभासद सपना अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने दीपावली पर्व से काफी दिन पहले ही एसडीएम को ज्ञापन दिया था। ईओ प्रदीप गिरी ने बताया कि व्यापारियों व पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर योजना बनाकर इसको लागू किया जाएगा।
-
हटवाएंगे अतिक्रमण : ईओ : नवाबगंज नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आरआर अंब्रेश ने बताया कि व्यापारियों द्वारा सड़क की पटरी पर अतिक्रमण किया गया है। इसकी शिकायतें मिल रही हैं। शीघ्र ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। व्यवस्थित पार्किंग से निपटने के लिए भी व्यवस्था बनाया जाएगा।